सूरत में नवरात्रि के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने SHE टीमों की तैनाती बढ़ाने का फैसला किया है. महिला पुलिस सेल की ACP मिनी जोसेफ के अनुसार, शहर के गरबा आयोजनों के साथ-साथ आने-जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी रखी जाएगी.

पुलिस के मुताबिक, सामान्य तौर पर 40 पुलिस थानों में से 36 SHE टीमें सक्रिय रहती हैं. इस बार गरबा आयोजनों की संख्या बढ़ने को देखते हुए मुख्यालय और कंट्रोल रूम से छह अतिरिक्त टीमें बनाई गई हैं. इन टीमों की निगरानी PI स्तर के अधिकारियों द्वारा की जाएगी. व्यवस्था में AHTU, मिसिंग सेल और IUCAW से जुड़े PI तथा PSI स्तर के अधिकारी भी शामिल रहेंगे.

स्थानीय पुलिस थानों की SHE टीमें गरबा स्थलों के भीतर सुरक्षा संभालेंगी. इसके अलावा, नई अतिरिक्त टीमें सुनसान इलाकों और कम आवाजाही वाले रास्तों पर गश्त करेंगी, ताकि महिलाओं और लड़कियों को रास्ते में असहज स्थिति या छेड़छाड़ का सामना न करना पड़े.

सुरक्षा व्यवस्था के तहत महिला पुलिसकर्मी पारंपरिक पोशाक में गरबा आयोजनों के बीच मौजूद रहेंगी. पुलिस का उद्देश्य यह है कि वे सामान्य प्रतिभागियों के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख सकें.

ACP मिनी जोसेफ ने युवतियों से दुर्व्यवहार करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि नवरात्रि में मां अंबा की आराधना के साथ आसपास की लड़कियों का सम्मान भी किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसा व्यवहार होना चाहिए, जिससे लड़कियां खुद को सुरक्षित महसूस करें; अन्यथा SHE टीम कार्रवाई के लिए तैयार है.