सूरत के पांडेसरा जीआईडीसी स्थित राधिका प्रिंटिंग मिल परिसर में खुली गटर में गिरने से करीब 9 महीने की बच्ची की मौत हो गई. घटना 11 अक्टूबर की सुबह की बताई जा रही है. बच्ची की पहचान गौरी के रूप में हुई है. उसके पिता बुद्धविलास मिल के बॉयलर विभाग में मजदूरी करते हैं और परिवार के साथ परिसर में ही रहते हैं.
परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट का रहने वाला है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे गौरी अपने भाई-बहनों के साथ उठी थी. उसके पिता काम में लग गए, जबकि परिवार के अन्य बच्चे मोबाइल देख रहे थे. कुछ देर बाद बच्ची दिखाई नहीं दी तो उसकी तलाश शुरू की गई.
पिता के मुताबिक, गौरी घुटनों के बल खेलते हुए मिल के बॉयलर के पास स्थित गटर तक पहुंच गई और उसमें गिर गई. उनका कहना है कि गटर का कुछ हिस्सा ढका हुआ था, लेकिन बीच में जगह खुली रह गई थी. करीब 10 से 15 मिनट की तलाश के बाद बच्ची गटर के भीतर मिली. उसे तुरंत बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.
परिवार ने मिल परिसर में गटर खुली छोड़े जाने को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है. पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई.
परिवार के अनुसार, गौरी चार बच्चों में सबसे छोटी थी. उसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है. घटना के बाद श्रमिक परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है.
