गुजरात के सूरत शहर के पांडेसरा इलाके में पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और जिला स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने 16 कथित फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, ये लोग बिना मान्य मेडिकल डिग्री और पंजीकरण के क्लीनिक चला रहे थे.
कार्रवाई से पहले संदिग्ध क्लीनिकों में डमी मरीज भेजकर आरोपों की पुष्टि की गई. इसके बाद मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई. अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों में कुछ 10वीं या 12वीं पास हैं, जबकि कुछ के पास BA या BSc जैसी गैर-चिकित्सकीय शैक्षणिक योग्यता है. कई आरोपी पहले अस्पतालों या डॉक्टरों के यहां कंपाउंडर और हेल्पर के रूप में काम कर चुके थे.
पुलिस के अनुसार, आरोपी मजदूर बस्तियों में बुखार, मलेरिया और अन्य सामान्य बीमारियों का इलाज करने के नाम पर एलोपैथिक दवाएं, इंजेक्शन और सिरप दे रहे थे. छापेमारी में 16 क्लीनिकों से दवाएं, इंजेक्शन और चिकित्सा उपकरण बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत ₹1,82,444 बताई गई है.
पांडेसरा पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं. जिला स्वास्थ्य विभाग क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत अलग कार्रवाई भी करेगा.
