गुजरात के सूरत जिले में सचिन क्षेत्र के एकलेरा गांव के पास शनिवार सुबह टेक्सटाइल वेस्ट, कपड़े के चिथड़ों और स्क्रैप से भरे खुले मैदान में आग लग गई. आग ने कुछ ही समय में पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया. तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैलती रहीं और घटनास्थल से उठता घना धुआं दूर तक दिखाई दिया.

आग लगभग 8 से 9 बीघे में फैले मैदान में लगी थी. सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए अभियान शुरू किया. शुरुआत में करीब 7 से 8 दमकल वाहनों को भेजा गया था. आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल वाहनों की संख्या बढ़ाकर लगभग 10 से 12 कर दी गई.

सब-डिविजनल फायर ऑफिसर कृष्ण मोढ़ के अनुसार, एकलेरा गांव से सटे मैदान में वेस्ट मटेरियल, कपड़े के चिथड़े और स्क्रैप रखा हुआ था. उन्होंने बताया कि आग लगने के समय पूरा मैदान इसकी चपेट में आ गया था. तेज हवा के चलते आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को चुनौती का सामना करना पड़ा.

घटना के बाद आसपास के निवासियों और वहां काम करने वाले लोगों में भी घबराहट फैल गई. अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, आग में बड़ी मात्रा में जमा सामग्री के नष्ट होने की आशंका है. आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है और इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.