तापी जिले के व्यारा में सात महीने की बच्ची के लिए खिलौना मोबाइल में लगी छोटी LED लाइट निगलना गंभीर स्थिति बन गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बच्ची ने 16 सितंबर की शाम खेलते समय तार समेत लाइट मुंह में डाल ली थी. इसके बाद उसे सांस लेने में परेशानी हुई और वह लगातार रोने लगी.

परिजन पहले उसे व्यारा के स्थानीय अस्पताल ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए देर रात बच्ची को सूरत नई सिविल अस्पताल रेफर किया गया. वहां एक्स-रे और CT स्कैन में श्वासनली के बाईं ओर तार सहित LED लाइट फंसी होने की जानकारी मिली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विदेशी वस्तु करीब ढाई से तीन सेंटीमीटर लंबी थी.

बिना चीरा लगाए निकाली गई लाइट

सूरत सिविल अस्पताल के ENT विभाग की टीम ने बच्ची को आपात ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर रigid ब्रोंकोस्कोपी की. इस प्रक्रिया में गले पर चीरा लगाने के बजाय दूरबीन के जरिए विशेष उपकरण अंदर डालकर वस्तु निकाली गई. डॉक्टर यू. एन. पटेल, सीनियर रेजिडेंट डॉ. विम्मी बंदरिया और एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. श्वेता पटेल समेत टीम ने करीब एक घंटे में तार सहित लाइट बाहर निकाल दी.

ENT विभाग की सीनियर रेजिडेंट डॉ. विम्मी के हवाले से रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बच्ची की कम उम्र के कारण मामला जोखिमपूर्ण था. देर होने पर श्वासनली में चोट, संक्रमण या सांस रुकने जैसी जटिलताएं हो सकती थीं. समय पर उपचार मिलने के बाद बच्ची खतरे से बाहर बताई गई है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, सूरत नई सिविल अस्पताल में बच्ची की जांच और सर्जरी निःशुल्क की गई. निजी अस्पताल में ऐसी पेडियाट्रिक ब्रोंकोस्कोपी का अनुमानित खर्च 60,000 से 70,000 रुपये तक बताया गया है.