सूरत के सारोली इलाके में स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस को आग दुर्घटनावश लगने के बजाय जानबूझकर लगाए जाने की आशंका है. पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है. हालांकि, जांच पूरी होने तक आगजनी की वजह और जिम्मेदार व्यक्ति की पुष्टि नहीं हुई है.
आग पर करीब 38 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया. इस घटना में मार्केट की छठी मंजिल की लगभग 17 दुकानें पूरी तरह जल गईं. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, कारोबारियों को 20 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.
पुलिस को आशंका है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति आग लगाने के बाद मौके से फरार हुआ. इसी आधार पर आगजनी की संभावना को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. मामले की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्तर पर की जा रही है.
CCTV और टावर डेटा की जांच
जांच के तहत मार्केट परिसर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग लगने से पहले या उसके दौरान किसी संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही तो नहीं हुई थी.
इसके अलावा, घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों की पहचान के लिए मोबाइल टावर डंप डेटा जुटाया जा रहा है. मार्केट के सुरक्षा गेट पर दर्ज रजिस्टर एंट्रियों की भी जांच होगी, ताकि आग लगने के समय परिसर में मौजूद लोगों के बारे में जानकारी मिल सके. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आग लगाने वाले व्यक्ति या आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी.
