सूरत में उत्राण पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उमरा-अब्राम रोड स्थित माधव कैंपस के एक गोदाम पर छापा मारा. पुलिस के अनुसार, यहां वनस्पति डालडा और रिफाइंड सोयाबीन तेल मिलाकर घी तैयार करने और उसे पैक करने की तैयारी की जा रही थी. कार्रवाई के दौरान 1,694 किलो संदिग्ध घी समेत कुल ₹18.21 लाख से अधिक का सामान जब्त किया गया.

पुलिस के मुताबिक, गोदाम नंबर 18 में नकली और मिलावटी घी तैयार किए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद पंचों और फूड सेफ्टी अधिकारियों की मौजूदगी में छापेमारी की गई. मौके से ‘प्रोटो’ वनस्पति डालडा के 15 किलो वाले 35 डिब्बे, रिफाइंड सोयाबीन तेल के 32 डिब्बे और 795 किलो खुला घी बरामद किया गया.

इसके अलावा ‘Saahas PREMIUM COW Ghee’ नाम से पैक किया गया करीब 900 किलो घी, छोटे पाउच और पैकिंग मशीनरी भी मिली. पुलिस ने जब्त सामग्री का कुल मूल्य ₹18.21 लाख से अधिक बताया है. हालांकि, जब्त घी की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी.

इस मामले में पुलिस ने सन्नी कल्पेशभाई मोदी (26), किशनभाई मनोजभाई मोदी (26) और कल्पेशभाई सुंदरलाल मोदी (47) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, तीनों मूल रूप से बनासकांठा के डीसा के रहने वाले हैं और वर्तमान में सूरत के अमरोली इलाके में रहते हैं.

पुलिस का कहना है कि आगामी नवरात्रि और दिवाली के दौरान मांग बढ़ने से पहले इस घी को बाजार में भेजने की तैयारी थी. फूड सेफ्टी विभाग ने जब्त नमूने एफएसएल जांच के लिए भेजे हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.