सूरत पुलिस की पुणा थाना टीम ने जबरन वसूली और आईटी एक्ट से जुड़े मामले में फरार चल रही निलंबित महिला कांस्टेबल नयना बारैया को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, उसे गुजरात के सासणगीर स्थित एक रिसॉर्ट से पकड़ा गया. गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने अगले दिन तक का रिमांड मंजूर किया.
पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद नयना ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था. वह गुजरात से बाहर उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और खाटूश्याम में ठिकाने बदलकर रह रही थी. तकनीकी निगरानी, आईपीडीआर ट्रैकिंग और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को उसके गुजरात लौटने और सासणगीर के एक रिसॉर्ट में ठहरने की जानकारी मिली. लोकेशन की पुष्टि के बाद पुणा पुलिस की टीम ने रात में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया.
शिकायत में 3.12 करोड़ रुपये लेने का आरोप
12 जुलाई को दर्ज शिकायत के अनुसार, भावनगर के बोरडा गांव के सरपंच के पति राजूभाई भम्वर ने आरोप लगाया कि वह नयना के साथ करीब 21 महीने तक लिव-इन संबंध में रहे थे. शिकायत में कहा गया है कि संबंध खत्म होने के बाद नयना और कीर्ति पटेल ने कथित तौर पर उन्हें और उनके परिवार को वीडियो वायरल करने तथा रेप केस के समझौते के नाम पर धमकाया. शिकायतकर्ता के मुताबिक, करीब डेढ़ साल में उनसे अलग-अलग मौकों पर कुल 3.12 करोड़ रुपये लिए गए, जिसमें 12 लाख रुपये कथित तौर पर रेप केस के निपटारे के नाम पर थे. इन आरोपों की पुष्टि अदालत में होना बाकी है.
पुलिस के अनुसार, कीर्ति पटेल ने सोशल मीडिया पर शिकायतकर्ता और उनके परिवार के बारे में आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट साझा किए. नयना पर भी इन पोस्ट और स्टोरी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा करने का आरोप है. पुणा पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, जबरन वसूली, मानहानि, आपराधिक धमकी, आपराधिक साजिश और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस के मुताबिक, नयना भावनगर जिले के विभिन्न थानों में मारपीट, शराबबंदी कानून और अत्याचार अधिनियम से जुड़े छह मामलों में भी नामजद रही है. कीर्ति पटेल को इससे पहले गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. पुलिस का कहना है कि नयना से पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी मिल सकती है.
