सूरत में ट्रैफिक सिग्नल से इन्वर्टर बैटरी चोरी के मामले में क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजेशकुमार रामआसरे तिवारी और लालमणी हरिशंकर पांडे के रूप में हुई है. दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और सूरत के गोडादरा इलाके में रह रहे थे.
पुलिस का कहना है कि आरोपी जुलाई 2026 से चोरी कर रहे थे. राजेशकुमार दोपहर करीब 2 से 3 बजे लालमणी की एक्टिवा लेकर निकलता था और खुद को ट्रैफिक सिग्नल के तकनीकी रखरखाव का कर्मचारी बताता था. इसके बाद वह सिग्नल पोल की पेटी का ताला तोड़कर या डुप्लीकेट चाबी से खोलकर बैटरी निकाल लेता था.
जांच के मुताबिक, चोरी की गई बैटरियां राजेशकुमार लालमणी को करीब ₹1,000 में बेच देता था. लालमणी गोडादरा में ‘लक्ष्य बैटरी इन्वेटर’ नाम से दुकान चलाता था और कथित तौर पर बैटरियां कबाड़ में बेचकर मुनाफा कमाता था. राजेशकुमार पांडेसरा जीआईडीसी की एक कपड़ा फैक्टरी में मास्टर का काम करता था.
पुलिस के अनुसार, दोनों ने उधना, वेसू, वराछा, पांडेसरा और गोडादरा समेत 16 थाना क्षेत्रों के 55 स्थानों से कुल 155 बैटरी चोरी करने की बात कही है. उनके पास से छह बैटरी, पेटी खोलने की चाबी, एक एक्टिवा और दो मोबाइल फोन समेत ₹1,48,000 का सामान बरामद किया गया है. दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए खटोदरा पुलिस को सौंप दिया गया है.
