महेशाणा से साड़ियों की खरीदारी के लिए सूरत आए व्यापारी की ऑटोरिक्शा में छूटी बैग वराछा पुलिस ने कुछ घंटों में बरामद कर ली. बैग में ₹1,87,000 नकद, हिसाब-किताब की किताब और कपड़े रखे थे. पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज की मदद से ऑटोरिक्शा की पहचान की गई और चालक से संपर्क किया गया.
मूल रूप से राजस्थान के उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के रहने वाले पुरणसिंग मनोहरसिंग सिसोदिया फिलहाल महेशाणा में शिवशक्ति पैलेस नाम से साड़ियों का कारोबार करते हैं. वह 7 सितंबर को सूरत में माल खरीदने आए थे. उन्होंने सरदार मार्केट से ऑटोरिक्शा लिया और बॉम्बे मार्केट के गेट नंबर-4 के पास उतर गए. इसी दौरान उनकी बैग ऑटोरिक्शा में छूट गई.
बैग नहीं मिलने पर व्यापारी करीब पौने एक बजे वराछा पुलिस थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी. वराछा पुलिस निरीक्षक ए.आर. वाला के निर्देश पर सर्विलांस टीम ने कार्रवाई शुरू की. PSI वी.डी. माली समेत टीम ने बॉम्बे मार्केट गेट नंबर-4 और रास्ते में लगे अलग-अलग CCTV कैमरों की जांच की.
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी और मानव सर्विलांस की मदद से ऑटोरिक्शा की पहचान की गई. इसके बाद चालक सुनील श्रीपाल बघेल को पुलिस थाने बुलाया गया. चालक ने बताया कि बॉम्बे मार्केट में यात्री को उतारने के बाद वह दूसरे यात्री को लेकर डुमस गया था. वहां पहुंचने पर उसे ऑटोरिक्शा में छूटी बैग दिखाई दी, जिसे उसने सुरक्षित अपने पास रख लिया था.
सुनील ने बैग पुलिस को सौंप दी. पुलिस थाने में नकदी और अन्य सामान व्यापारी को लौटा दिया गया. बैग मिलने के बाद पुरणसिंग सिसोदिया ने वराछा पुलिस और ऑटोरिक्शा चालक का आभार जताया.
