गुजरात के सूरत जिले के इच्छापोर इलाके में 38 वर्षीय महिला का शव 24 नवंबर को नहर के पास मिला. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में दुष्कर्म और हत्या की आशंका सामने आई है. महिला के शरीर पर गला दबाने और मारपीट के निशान मिले हैं. मामले में पुलिस ने 24 वर्षीय बाबलू राजभर के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या की शिकायत दर्ज की है और उसकी तलाश में कई टीमें लगाई हैं.
पुलिस के मुताबिक, महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी. करीब पांच साल पहले वह अपने तीन बच्चों के साथ सूरत आई थी. उसके पति की आठ साल पहले दुबई में एक दुर्घटना में मौत हो गई थी. वह हीरा कारोबार से जुड़ी एक फर्म में काम करके परिवार का खर्च चलाती थी.
जांच में सामने आया कि महिला और आरोपी के बीच पिछले सात-आठ महीनों से संबंध थे. पिछले करीब तीन महीनों में दोनों के बीच विवाद बढ़ने के बाद महिला ने उससे संपर्क बंद कर दिया था. 22 नवंबर की शाम आरोपी के फोन के बाद महिला उससे मिलने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी.
परिजनों ने 23 नवंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. अगले दिन उसका शव एक पेड़ के पास मिला. पुलिस को घटनास्थल से मोबाइल फोन, चप्पल और अन्य सामान मिला. महिला के बेटे ने वहां मिली सफेद चप्पल को आरोपी की बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की. आरोपी अभी फरार है.
