गुजरात के सुरेंद्रनगर शहर में कथित तौर पर दूसरे व्यक्ति के सरकारी दस्तावेजों और जाली हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर सिम कार्ड जारी कराने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, इस सिम का इस्तेमाल शेयर बाजार से जुड़े अवैध ‘डब्बा ट्रेडिंग’ के लिए किया जा रहा था.

मामले की जांच राजकोट रेंज के डीआईजीपी की ओर से गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) कर रही थी. यह जांच जोरावरनगर पुलिस थाने में दर्ज एक जुआ मामले के सिलसिले में चल रही थी.

जांच के दौरान पुलिस को मेमका निवासी दालसुख करशनभाई सिंधव के पास से की-पैड वाला मोबाइल फोन मिला. पुलिस ने फोन में इस्तेमाल सिम कार्ड का CAF यानी Candidate Application Form मंगवाकर उसका विश्लेषण किया. इसके बाद कथित फर्जीवाड़े की जानकारी सामने आई.

SIT के एएसआई राजेशकुमार हमीरभाई करमुर की शिकायत पर पुलिस ने संजयसिंह नाथुभाई राठौड़, दालसुखभाई करशनभाई सिंधव, सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले एजेंट या डीलर और जांच में सामने आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

पुलिस के अनुसार ऐसे जारी कराया गया सिम

जांच में पता चला कि सिम कार्ड वर्ष 2013 में सुरेंद्रनगर तालुका स्कूल के पास स्थित पार्थ कम्युनिकेशन नामक सिम एजेंट से जारी हुआ था. रिकॉर्ड में इसका पता रामपरा निवासी प्रतापभाई गोविंदभाई सिंधव का दर्ज था. पुलिस ने प्रतापभाई को नोटिस देकर पूछताछ की तो उन्होंने कथित तौर पर बताया कि वह सिम कार्ड का इस्तेमाल ही नहीं करते.

पुलिस का आरोप है कि संजयसिंह राठौड़ और उसके साथियों ने प्रतापभाई का चुनाव पहचान-पत्र हासिल किया. इसके बाद CAF में किसी अन्य व्यक्ति की तस्वीर लगाकर और प्रतापभाई के फर्जी हस्ताक्षर कर सिम कार्ड अनधिकृत तरीके से जारी कराया गया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एजेंट और डीलर की मदद से टेलीकॉम कंपनी में डिजिटल अकाउंट बनाया और सिम को सक्रिय कराया. इसी सिम का इस्तेमाल शेयर बाजार के नाम पर कथित अवैध डब्बा ट्रेडिंग का जुआ चलाने और खिलाने में किया जा रहा था. मामले में आगे की जांच जारी है.