उत्तर गुजरात के पांच जिलों में RTO और ARTO कार्यालयों के तहत 535 जब्त वाहन लंबे समय से लंबित हैं. CAG ऑडिट में सामने आया है कि इनमें से कई वाहन वर्षों से RTO परिसरों में खुले में खड़े हैं, जबकि कानून के तहत तय समयसीमा में इनके निपटारे की प्रक्रिया आगे बढ़नी चाहिए थी.
सबसे अधिक 462 वाहन पालनपुर RTO के तहत लंबित पाए गए. इनकी जब्ती अवधि 10 से 69 महीने के बीच है. महेसाणा RTO के 37 वाहन 11 से 67 महीने, जबकि पाटण ARTO के 31 वाहन 10 से 69 महीने से लंबित हैं. हिम्मतनगर RTO के तीन वाहन 14 से 61 महीने और मोडासा ARTO के दो वाहन 22 से 37 महीने से जब्त स्थिति में हैं.
गुजरात मोटर व्हीकल टैक्स अधिनियम की धारा 12B के तहत बकाया टैक्स, ब्याज या अन्य सरकारी देनदारियां नहीं चुकाने पर वाहन जब्त किए जा सकते हैं. ऑडिट में दर्ज जानकारी के अनुसार, जब्ती के तीन महीने बाद भी बकाया राशि जमा नहीं होने पर वाहन नीलामी के लिए पात्र हो जाता है. इसके बावजूद कई मामलों में तय अवधि से काफी अधिक समय बीत गया.
CAG ने देरी को कानूनी प्रावधानों के कमजोर अमल और कर अधिकारियों की निगरानी में कमी से जोड़ा है. ऑडिट में VAHAN पोर्टल पर 90 दिन पूरे होने के बाद स्वचालित नीलामी प्रक्रिया शुरू करने, राज्य स्तर पर केंद्रीकृत निगरानी और नीलामी सेल बनाने तथा वाहनों के रखरखाव के न्यूनतम मानक तय करने की सिफारिश की गई है.
लंबे समय तक खुले में पड़े रहने से वाहनों के इंजन, बॉडी, टायर और अन्य हिस्सों की हालत बिगड़ सकती है, जिससे नीलामी मूल्य घटने और बकाया वसूली में देरी का जोखिम बढ़ता है. ऑडिट में हिम्मतनगर की ड्राइविंग टेस्ट और ड्राइविंग स्कूलों की व्यवस्थाओं में भी कमियां दर्ज की गईं. वाहन कर बकाया मामलों में केवल 14.89 प्रतिशत मामलों में प्रारंभिक नोटिस जारी होने की बात भी सामने आई.
