प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को गुजरात के वडनगर में होगा. यह यात्रा प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और उनके गृह नगर वडनगर को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की गई है.
मुख्य कार्यक्रम वडनगर में शाम 4 बजे प्रस्तावित है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़ेंगे. इससे पहले वह सुबह 11:30 बजे एक अन्य कार्यक्रम में भी वर्चुअली शामिल होंगे. समापन समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकारों के मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रह सकते हैं.
सेवा यात्रा के तहत वाराणसी से रवाना हुए करीब 500 बाइकर्स मंगलवार शाम वडनगर पहुंचे. उनके स्वागत के लिए शहर में विशेष तैयारियां की गईं. बाइकर्स ने शर्मिष्ठा झील पर आयोजित महाआरती में हिस्सा लिया. इस दौरान गुजरात की विरासत और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए.
बुधवार का कार्यक्रम
बुधवार सुबह 8 बजे बाइकर्स वाराणसी से लाए गए जल से वडनगर के प्राचीन हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे. इसके बाद वे स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री के ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखेंगे.
दोपहर 12:30 बजे बाइकर्स वडनगर साइंस कॉलेज में सामूहिक वृक्षारोपण करेंगे. इसके बाद वे ‘अनंत अनादि वडनगर’ अनुभवात्मक संग्रहालय का दौरा करेंगे, जहां वडनगर के इतिहास और प्राचीन पहचान से जुड़ी झलकियां प्रदर्शित हैं.
