गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में ताना-रीरी महोत्सव 2026 का आयोजन 19 और 20 नवंबर को किया जाएगा. दो दिवसीय समारोह ताना-रीरी स्मारक के पास, घासकोर गेट पर आयोजित होगा. दोनों दिन संगीत कार्यक्रम शाम 6:30 बजे शुरू होंगे.
महोत्सव का आयोजन गुजरात सरकार के खेल, युवा और सांस्कृतिक गतिविधि विभाग, गुजरात राज्य संगीत नाटक अकादमी और मेहसाणा जिला प्रशासन संयुक्त रूप से कर रहे हैं. कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत के साथ लोक संगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी.
पहले दिन ये कलाकार देंगे प्रस्तुति
19 नवंबर को समारोह की शुरुआत सूर्य गायत्री के शास्त्रीय गायन से होगी. इसके बाद पद्मश्री सम्मानित पंडित तेजेंद्र नारायण और कुमरेश राजगोपालन की शास्त्रीय जुगलबंदी होगी. पहले दिन की शाम का समापन हार्दिक दवे की लोक संगीत प्रस्तुति से होगा.
दूसरे दिन शास्त्रीय और लोक संगीत का कार्यक्रम
20 नवंबर को पंडित जयतीर्थ मेवुंडी शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगे. इसके बाद पंडित पूर्वायन चटर्जी और उनका दल वाद्य संगीत की प्रस्तुति देगा. लोक कलाकार भौमिक शाह भी विशेष प्रस्तुति देंगे.
महोत्सव के दौरान संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए हेतल मेहता जोशी और मालिनी अवस्थी को ताना-रीरी पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा.
ताना और रीरी को गुजरात की प्रसिद्ध संगीतकार बहनों के रूप में याद किया जाता है. लोककथा के अनुसार, मुगल दरबार के गायक तानसेन द्वारा राग दीपक गाने के बाद पैदा हुई तीव्र गर्मी से राहत दिलाने के लिए दोनों बहनों ने राग मल्हार गाया था. माना जाता है कि उन्होंने वडनगर की शर्मिष्ठा झील के किनारे यह गायन किया था. वार्षिक महोत्सव इसी संगीत विरासत की स्मृति में आयोजित किया जाता है.
