गुजरात के वडनगर में बुधवार को ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ का समापन समारोह आयोजित किया गया. यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत निकाली गई थी. समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान यात्रा में शामिल बाइकर्स का सम्मान भी किया गया.

आयोजकों के अनुसार, करीब 500 बाइकर्स और सेवा यात्रियों ने 10 राज्यों के सैकड़ों गांवों और शहरों का दौरा किया. यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधरोपण और नशामुक्ति जैसे सामाजिक अभियान चलाए गए.

भूपेंद्र पटेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी और सत्ता को पद के बजाय सेवा का माध्यम माना. उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है.

शिवराज सिंह चौहान ने लगातार 25 वर्षों तक गरीबों और देश के लिए काम करने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यात्रा ने देश के अलग-अलग क्षेत्रों को जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का काम किया.

यात्रा के दौरान वडनगर के शर्मिष्ठा तालाब का जल काशी विश्वनाथ पहुंचाया गया. वहीं, वाराणसी से लाए गए जल से वडनगर के ऐतिहासिक हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया.