वडोदरा शहर में सार्वजनिक परिवहन सेवा के विस्तार के लिए 30 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी. वडोदरा महानगरपालिका की ओर से इन बसों का लोकापर्ण 7 अक्टूबर को किए जाने की तैयारी है. नई बसों के सड़कों पर उतरने के बाद शहर में संचालित ई-बसों की कुल संख्या 80 हो जाएगी.

वडोदरा में ई-बस सेवा की शुरुआत जून के अंत में हुई थी. पहले चरण में 20 बसें शुरू की गईं, जिसके बाद 30 और बसें आने से मौजूदा संख्या 50 तक पहुंची. ये बसें शहर के अलग-अलग मार्गों पर चल रही हैं. नई 30 बसों के जुड़ने से मार्गों पर बसों की उपलब्धता और सेवा की आवृत्ति बढ़ने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों को बस के लिए कम समय इंतजार करना पड़ सकता है.

250 बसों को मंजूरी

PM e-Bus Sewa योजना के तहत वडोदरा के लिए कुल 250 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी गई है. बसों की आपूर्ति चरणबद्ध तरीके से की जा रही है.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब तक संचालित 50 ई-बसों से महानगरपालिका को करीब 83 लाख रुपये की आय हुई है. नई बसों के बाद सेवा का विस्तार होगा, जबकि योजना के तहत स्वीकृत बाकी बसों को भी आगे चरणों में शामिल किया जाना है.