मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के गुजरात स्थित वडोदरा खंड में दिल्ली-मुंबई राजधानी मुख्य रेल लाइन के ऊपर सभी 14 पोर्टल बीम का निर्माण पूरा कर लिया गया है. यह उपलब्धि व्यस्त परिचालन रेलमार्गों के ऊपर एलिवेटेड हाई-स्पीड रेल वायाडक्ट बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
पोर्टल बीम ऐसे बड़े संरचनात्मक सपोर्ट होते हैं, जिन पर बुलेट ट्रेन का एलिवेटेड ट्रैक आधारित रहता है. वडोदरा में इन बीम का निर्माण साइट पर ही ‘कास्ट-इन-सिटू’ तकनीक से किया गया. इसकी जरूरत सीमित जगह और चालू रेलवे ढांचे के बीच काम करने की चुनौती के कारण पड़ी.
प्रत्येक बीम का वजन लगभग 1,500 टन है. इसकी लंबाई करीब 37 मीटर, ऊंचाई और चौड़ाई लगभग 4-4 मीटर है. एक बीम के निर्माण में करीब 590 घन मीटर कंक्रीट और लगभग 55 टन वजन का स्टील रिइनफोर्समेंट केज लगा.
वडोदरा में बुलेट ट्रेन का लगभग 8.3 किलोमीटर लंबा खंड पांच परिचालन रेलवे लाइनों को पार करता है. पोर्टल बीम का काम पूरा होने के बाद अब 40 मीटर लंबे कंपोजिट गर्डर लगाने और वायाडक्ट निर्माण को आगे बढ़ाने का चरण शुरू होगा.
