गुजरात के वडोदरा में अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. शहर में अंतिम दिन 25 हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. नगर निगम ने नागरिकों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए करीब 12 स्थानों पर कृत्रिम तालाब और विशेष विसर्जन कुंड तैयार किए थे.
वडोदरा में इस वर्ष घरों और गणेश मंडलों में मिलाकर 50 हजार से अधिक प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं. इनमें से करीब 23 हजार प्रतिमाओं का विसर्जन गणेशोत्सव के दूसरे, तीसरे, पांचवें और सातवें दिन किया गया था. अंतिम दिन सुबह छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ, जबकि दोपहर बाद बड़ी प्रतिमाएं विसर्जन के लिए लाई गईं. प्रक्रिया देर रात तक चलती रही.
सबसे अधिक विसर्जन नवळखी मैदान में बनाए गए कृत्रिम तालाब में हुआ. यहां छोटी प्रतिमाओं के साथ 22 फीट तक ऊंची प्रतिमाओं का भी विसर्जन किया गया. प्रशासन ने प्रतिमाओं को कृत्रिम और निर्धारित तालाबों में ही विसर्जित करने की व्यवस्था की थी. विसर्जन यात्राओं में ढोल-नगाड़े, ताशे और गुलाल के साथ श्रद्धालुओं ने गणपति को अगले वर्ष जल्द लौटने का निमंत्रण देकर विदाई दी.
वडोदरा के राजपरिवार ने अपनी स्थापित गणेश प्रतिमा का पारंपरिक तरीके से विसर्जन किया. शहनाई और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ निकली यात्रा में परिवार के सदस्य राजसी पोशाक में शामिल हुए. लश्करी बैंड की सलामी के बीच प्रतिमा का विसर्जन राजमहल परिसर में तैयार किए गए विशेष कुंड में किया गया.
सुरक्षा के लिए शहर में 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. बाहर से आए बल को मिलाकर 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रही. इसके अलावा SRPF, CISF, BSF, रैपिड एक्शन फोर्स और स्पेशल एक्शन फोर्स की कंपनियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया.
