वडोदरा में नवरात्रि गरबा आयोजनों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है. पुलिस की SHE Team की महिला अधिकारी चैनिया-चोली और कुर्ते जैसे पारंपरिक परिधान पहनकर गरबा स्थलों पर भीड़ के बीच तैनात हैं.

अधिकारियों के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य छेड़छाड़, संदिग्ध गतिविधियों और अनुशासनहीनता पर तुरंत नजर रखना है. यह अभियान पुलिस उपायुक्त जोन-2 मंजिता वंजारा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि महिलाओं से दुर्व्यवहार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने युवतियों और किशोरियों से अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने, अपना मोबाइल किसी अपरिचित व्यक्ति को न देने और अनधिकृत लोगों को फोटो न लेने देने की सलाह दी है. जरूरत पड़ने पर अधिकारी मौके पर काउंसलिंग और सहायता भी दे रहे हैं.

गरबा स्थलों के भीतर और बाहर सुरक्षा के लिए हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे, ड्रोन निगरानी, मैनुअल चेकिंग, क्षेत्रीय निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है.