वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को 12 जनवरी से एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा. रेलवे मंत्रालय की मंजूरी के बाद सेवा की श्रेणी, ट्रेन नंबर और किराए में बदलाव लागू होगा. संशोधित व्यवस्था में यात्रियों को कम किराया देना होगा.

राजकोट मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक सुनील कुमार मीणा के अनुसार, वडोदरा से जामनगर जाने वाली ट्रेन नंबर 22959 को बदलकर 19029 किया जाएगा. यह ट्रेन अब वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस के नाम से संचालित होगी.

इस सेवा के जामनगर पहुंचने के समय में भी बदलाव होगा. ट्रेन अब रात 11:40 बजे जामनगर पहुंचेगी, जबकि फिलहाल इसका निर्धारित समय रात 11:30 बजे है. यानी इस दिशा में पहुंचने का समय 10 मिनट आगे किया गया है.

जामनगर से वडोदरा जाने वाली ट्रेन नंबर 22960 को बदलकर 19030 किया जाएगा. यह सेवा जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस के रूप में चलेगी. इसके मौजूदा समय-सारिणी में बदलाव नहीं किया गया है.

रेलवे के अनुसार, नए ट्रेन नंबर, समय और किराए 12 जनवरी से संबंधित शुरुआती स्टेशनों से शुरू होने वाली यात्राओं पर लागू होंगे. यात्रियों को टिकट बुक करने और यात्रा से पहले संशोधित विवरण जांचने की सलाह दी गई है.