वडोदरा के मकरपुरा थाना क्षेत्र में लोन की किस्तों को लेकर हुए विवाद में 54 वर्षीय रमेशभाई गणपतराव पवार की हत्या के मामले में पुलिस ने एक दंपती को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूजा हिमांशु खडसे और उसके पति हिमांशु जगदीश खडसे के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों वडोदरा के प्रतापनगर इलाके में रहते हैं.
रमेशभाई एक निजी स्कूल बस में ड्राइवर थे और पूजा उसी बस में कंडक्टर के तौर पर काम करती थी. पुलिस जांच के मुताबिक, पूजा ने रमेशभाई के नाम पर लोन लिया था. उसकी ईएमआई समय पर जमा नहीं होने पर रमेशभाई उससे रकम मांग रहे थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
जांबुवा बायपास के पास मिला शव
परिवार के मुताबिक, रमेशभाई कुछ दिन पहले ऑटो रिक्शा लेकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. इसके बाद गुमशुदगी की शिकायत दी गई. इसी दौरान मकरपुरा थाना क्षेत्र में जांबुवा बायपास पर सतीमाता होटल के पास एक सुनसान जगह से उनका सड़ी-गली अवस्था में शव मिला.
पुलिस का कहना है कि 7 तारीख की रात पूजा ने रमेशभाई और अपने पति को वडोदरा डेयरी के पास बुलाया था. वहां विवाद के दौरान हिमांशु ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से रमेशभाई की छाती पर कई वार किए. पुलिस के अनुसार, गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर मौत हो गई. इसके बाद शव और मोबाइल फोन जांबुवा बायपास के पास फेंक दिए गए, जबकि रमेशभाई की ऑटो रिक्शा छाणी नहर के पास छोड़ दी गई.
मृतक की बेटी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने जांच में 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल किया. पुलिस के मुताबिक, इसी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
