पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के स्थापना दिवस के अवसर पर कई जनकल्याणकारी और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, यात्री जागरूकता अभियान, मॉक ड्रिल, साइकिल रैली और खेलकूद प्रतियोगिताएं शामिल रहीं.

स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रम

मंडल की विभिन्न RPF पोस्ट और बैरकों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. इसमें जवानों ने अपने कार्यालयों और आसपास के परिसर को साफ रखने का संकल्प लिया. सरदार नगर रेलवे कॉलोनी से स्वच्छता जागरूकता साइकिल रैली भी निकाली गई.

पर्यावरण संरक्षण के तहत अलग-अलग पोस्ट और बैरक परिसरों में पौधे लगाए गए. लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी तय की गई.

रक्तदान और बाल देखभाल केंद्र का दौरा

सामाजिक दायित्व के तहत आयोजित विभागीय रक्तदान शिविर में RPF कर्मियों ने हिस्सा लिया. शिविर में कुल 56 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया.

RPF अधिकारियों और जवानों ने बाल कल्याण समिति (CWC) के तहत संचालित दीपक फाउंडेशन चाइल्ड केयर होम का दौरा भी किया. यहां उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया, उनकी रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की और फलों का वितरण किया.

यात्रियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी

आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर मॉक ड्रिल की गई. रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में नुक्कड़ नाटकों तथा बैनरों के माध्यम से यात्रियों को जागरूक किया गया.

अभियान में अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए ‘मेरी सहेली’ योजना, रेलवे हेल्पलाइन 139 और यात्रियों को जहरखुरानी या खाद्य पदार्थों में मिलावट से सावधान रहने की जानकारी दी गई.