वडोदरा साइबर क्राइम पुलिस ने SD PAY और APNA PAY ऐप-व वेबसाइट के जरिए कथित निवेश ठगी के मामले में महाराष्ट्र के औरंगाबाद से नारायण अशोक कांगणे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी विश्लेषण और मानव खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया गया. मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच चल रही है.
ऐप पर दिखाया गया ऊंचा रिटर्न
साइबर क्राइम थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, फरवरी से अगस्त के बीच शिकायतकर्ता से अलग-अलग चरणों में कुल ₹5,02,888 ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए. इसके बदले SD PAY या APNA PAY ऐप के डैशबोर्ड पर निवेश, रिटर्न और कैशबैक मिलाकर करीब ₹9,83,458 उपलब्ध होने का दावा दिखाया गया. शिकायतकर्ता ने जब रकम निकालने की कोशिश की तो भुगतान नहीं मिला. पुलिस के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी मदद के नाम पर और रकम लेने का प्रयास कर रहे थे.
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(4), 316(2), 61(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
जांच में पुलिस को SD PAY, APNA PAY और UPAY DIGI PAYMENT PRIVATE LIMITED के नाम से ऐप और भुगतान व्यवस्था संचालित किए जाने की जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक, धवल पटेल, निशी प्रसाद और हितेश शाह समेत कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है. इनमें से कुछ आरोपियों को अमरेली साइबर क्राइम पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है.
29 बैंक खाते और चार कंपनियां मिलीं
पुलिस के अनुसार, SD PAY HUB और UPAY DIGI PAYMENT PRIVATE LIMITED के बैंक खातों से भुगतान संभाला जा रहा था. ऐप से जुड़े वर्चुअल खाते को Razorpay पेमेंट गेटवे के जरिए UPAY DIGI INDIA PRIVATE LIMITED के बैंक खाते से जोड़ा गया था. जांच में आरोपियों के नाम पर 29 संदिग्ध बैंक खाते और चार कंपनियां मिली हैं. पुलिस ने इस नेटवर्क की संलिप्तता से जुड़े चार अन्य E-FIR का भी पता चलने की बात कही है.
