वडोदरा के वाघोडिया रोड इलाके में रहने वाले एक व्यापारी से शेयर बाजार में ऊंचे रिटर्न का झांसा देकर 20.69 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर वाघोडिया पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिकायतकर्ता हर्षद सूर्यवंशी फेसबुक पर वीडियो देख रहे थे. इसी दौरान उन्हें शेयर बाजार में ट्रेडिंग से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया. विज्ञापन के जरिए वह एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जुड़े, जहां ग्रुप एडमिन और ‘कृपा’ नाम की एक युवती ने खुद को Motilal Oswal Financial Services से जुड़ा बताने का दावा किया.

शिकायत के मुताबिक, युवती ने व्यापारी का एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया और वहां से निवेश शुरू करवाया. शुरुआत में वेबसाइट पर निवेश के बदले मुनाफा दिखाया गया, जिससे व्यापारी का भरोसा बढ़ा. इसके बाद अलग-अलग चरणों में उनसे कुल 20,69,000 रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा कराए गए.

बाद में वेबसाइट पर 2,11,000 रुपये का मुनाफा दिखाया गया. जब व्यापारी ने रकम निकालने की कोशिश की, तो उनसे और पैसे जमा करने का दबाव बनाया गया. इसके बाद उनका खाता ब्लॉक कर दिया गया.

ठगी का पता चलने पर व्यापारी ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस अब लेन-देन और संबंधित खातों की जांच कर रही है.