गुजरात सरकार ने पूर्व क्रिकेटर और लोकसभा सांसद युसूफ पठान को वडोदरा के तांदलजा इलाके में स्थित 978 वर्ग मीटर के विवादित नगर निगम भूखंड के आवंटन को मंजूरी दी है. यह भूखंड पठान के परिवार के घर के पास है.
प्रस्ताव के तहत 500 वर्ग मीटर जमीन आवासीय उपयोग के लिए मुफ्त दी जाएगी. शेष 478 वर्ग मीटर जमीन का हस्तांतरण वडोदरा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी की मूल्यांकन समिति द्वारा तय दर के 55 प्रतिशत पर किया जाएगा. यानी इस हिस्से पर 45 प्रतिशत की रियायत होगी.
हालांकि, आवंटन की अंतिम प्रक्रिया अभी बाकी है. प्रस्ताव को वडोदरा नगर निगम की स्थायी समिति और सामान्य बोर्ड के समक्ष मंजूरी के लिए रखा जाएगा.
इस भूखंड को लेकर विवाद 2012 से चल रहा है. पठान ने तब 99 साल की लीज पर जमीन मांगी थी, लेकिन 2014 में राज्य के शहरी विकास विभाग ने सार्वजनिक नीलामी या खुली बोली की जरूरत बताते हुए प्रस्ताव खारिज कर दिया था. 2024 में नगर निगम ने कथित अतिक्रमण को लेकर उन्हें नोटिस भी दिया था. गुजरात हाई कोर्ट में मामला चलने के बाद पठान ने अगस्त 2026 में अपनी अपील वापस ले ली थी.
