गुजरात के वलसाड जिले में अघोरी बाबा और गुरु बनकर 76 वर्षीय बुजुर्ग से 19.60 लाख रुपये से अधिक की कथित साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महबूब शेख (23), सरफराज पठान (39) और साहिलमियां शेख (23) के रूप में हुई है.
जांच के अनुसार, 29 अप्रैल को कुछ लोगों ने इंटरनेट के जरिए बुजुर्ग से संपर्क किया. उन्होंने खुद को अघोरी बाबा और गुरु बताकर देवी का आशीर्वाद दिलाने तथा रुका हुआ पैसा दोगुना करने का भरोसा दिया. इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराने के लिए कहा गया. पुलिस के अनुसार, इससे 19,60,500 रुपये से अधिक की ठगी हुई.
मामला वलसाड साइबर क्राइम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 61(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) के तहत दर्ज है. पुलिस पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि छह अन्य वांछित थे. सोशल मीडिया खातों, बैंक लेनदेन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच के बाद तीनों को महीसागर जिले के वीरपुर से पकड़ा गया.
पुलिस ने लोगों से तांत्रिक क्रियाओं के जरिए पैसा दोगुना करने वाले दावों से सावधान रहने और साइबर ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की है.
