गुजरात के वलसाड जिले के वापी में पुलिस ने सुपारी से भरे 10 ट्रकों को पकड़ा है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, ट्रकों में करीब 12 से 13 करोड़ रुपये की सुपारी लदी थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि यह माल चोरी की सुपारी हो सकता है.

वापी SOG ने ट्रकों को रोककर जांच की तो GST बिल और अन्य जरूरी दस्तावेजों में अनियमितताएं सामने आईं. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी ट्रक कर्नाटक से अहमदाबाद की ओर जा रहे थे.

कार्रवाई के बाद पुलिस ने 10 ट्रकों और सुपारी से जुड़े दस्तावेजों को आगे की जांच के लिए GST विभाग को सौंप दिया है. अब विभाग यह जांच करेगा कि माल कहां से खरीदा गया था, खरीद-बिक्री के वैध बिल मौजूद हैं या नहीं और परिवहन से जुड़े ई-वे बिल तथा अन्य दस्तावेज सही हैं या नहीं.

चोरी या दस्तावेजों में गड़बड़ी की जांच

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सुपारी चोरी की थी या उसके परिवहन और GST दस्तावेजों में अनियमितता की गई थी. अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही कर चोरी, माल के स्वामित्व और संभावित कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी.