गुजरात के वापी GIDC चार रास्ते के पास स्थित एच.एम. वैद्य पेट्रोल पंप के सहायक मैनेजर को कथित तौर पर जेल भेजने और पंप बंद कराने की धमकी देकर पैसे मांगने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने यह कार्रवाई सहायक मैनेजर विनोदभाई केशुरभाई धोडिया पटेल की शिकायत पर की है.
शिकायत के अनुसार, 22 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे मनोज रावल नाम का व्यक्ति प्लास्टिक की बोतल में एक तरल पदार्थ लेकर पंप पर पहुंचा. उसने पेट्रोल में मिलावट का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों से विवाद किया. कर्मचारियों ने नोजल से पेट्रोल निकालकर उसे साफ होने की बात बताई, लेकिन शिकायत के मुताबिक रावल ने इसे स्वीकार नहीं किया और सोशल मीडिया तथा पत्रकारों को बुलाने की धमकी दी.
इसके बाद सफेद रंग की क्वाइड कार से सोनिया चौहान के वहां पहुंचने का आरोप है. शिकायत में कहा गया है कि चौहान ने खुद को ‘DARE MEDIA VAPI’ की सोशल मीडिया पत्रकार बताया और माइक्रोफोन व कैमरे से वीडियो बनाना शुरू किया. पंप संचालकों का आरोप है कि दोनों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, आपूर्ति विभाग और पुलिस में शिकायत कर पंप बंद कराने तथा जेल भेजने की धमकी दी.
शिकायत के मुताबिक, वीडियो प्रसारित नहीं करने के बदले पैसों की मांग की गई, लेकिन पंप संचालकों ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर सूचना दी.
वापी टाउन पुलिस ने सोनिया चौहान और मनोज रावल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 308(6), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की आगे की जांच PSI लालसिंगभाई वसावा को सौंपी गई है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
