गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के वेरावल में साइलेंट जोन के भीतर गरबा आयोजन को लेकर गुजरात हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है. याचिका में दो आवेदकों ने आयोजन से होने वाले शोर और नियमों के पालन का मुद्दा उठाया. आवेदकों ने स्पष्ट किया कि वे गरबा आयोजन के विरोध में नहीं हैं, बल्कि साइलेंट जोन में ध्वनि नियमों के पालन की मांग कर रहे हैं.
सुनवाई के दौरान गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (GPCB) ने बताया कि शिकायत के आधार पर आयोजन स्थल की जांच की गई है. बोर्ड ने हाईकोर्ट के सामने अपनी रिपोर्ट और स्थल की तस्वीरें भी पेश कीं. GPCB के अनुसार, आयोजन से डिस्टर्बेंस की शिकायत सामने आई है और आयोजकों को नियमों का पालन करने के लिए नोटिस जारी किया गया है. नोटिस की एक प्रति स्थानीय पुलिस को भी भेजी गई है.
अस्पताल के पास होने से साइलेंट जोन
स्रोत के अनुसार, गरबा स्थल के पास अस्पताल स्थित है, इसलिए क्षेत्र को साइलेंट जोन के दायरे में बताया गया है. सुनवाई में वर्ष 2000 के पर्यावरण संबंधी सरकारी नोटिफिकेशन का भी उल्लेख हुआ. इसमें सार्वजनिक और निजी स्थानों पर लाउडस्पीकर तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के इस्तेमाल के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
इन नियमों के मुताबिक ऐसे आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट या पुलिस कमिश्नर की पूर्व अनुमति जरूरी होती है. रात में ध्वनि प्रणाली के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध और शर्तें लागू हैं. रात 10 बजे से 12 बजे के बीच लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के लिए 15 दिन पहले अनुमति लेने की बात सुनवाई में बताई गई. साइलेंट जोन में रात के समय ध्वनि स्तर 45 डेसिबल से अधिक नहीं होना चाहिए.
आयोजकों को दो दिन के भीतर नियमों का पालन करने को कहा गया है. हाईकोर्ट ने GPCB को आयोजन स्थल की सरप्राइज चेकिंग करने का निर्देश दिया. कोर्ट ने यह भी कहा कि मुद्दा केवल वेरावल तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे गुजरात से जुड़ा है. नवरात्रि के नौ दिनों में आयोजन किस तरह हो, इस पर सरकार को निर्णय लेना होगा.
