जूनागढ़ जिले के विसावदर तालुका के प्रेमपरा गांव के वाड़ी इलाके में 40 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, महिला के गले पर गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

मृतका की पहचान सुमिताबेन चंद्रसिंह उर्फ राणाभाई गोहिल के रूप में बताई गई है. घटना की सूचना मिलने के बाद विसावदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

संदिग्ध ने जहरीली दवा पी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेमपरा निवासी 42 वर्षीय अरजणभाई गोविंदभाई भाडेलिया का नाम संदिग्ध के रूप में सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या के बाद उसने कथित तौर पर जहरीली दवा पी ली. तबीयत बिगड़ने पर उसे जूनागढ़ सिविल अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने मामले की वजह स्पष्ट करने के लिए परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज करना शुरू किया है. अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध की हालत में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी. घटना के पीछे का कारण और हमले की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद स्पष्ट होंगी.