गुजरात के मोरबी जिले के वांकानेर तालुका स्थित वसुंधरा गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद की कथित रंजिश में दूध सहकारी मंडली पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस शिकायत के अनुसार, पांच वाहनों से पहुंचे हमलावरों ने मंडली में तोड़फोड़ की और करीब 3,000 लीटर दूध बहा दिया.
शिकायत के मुताबिक, हमलावर स्कॉर्पियो, थार, अर्टिगा, क्रेटा और स्विफ्ट कारों से रात के समय मंडली पहुंचे थे. वहां कंप्यूटर समेत अन्य उपकरणों में तोड़फोड़ की गई.
तोड़फोड़ रोकने पहुंचे वीरमभाई सामंतभाई सरैया और उनके 17 वर्षीय बेटे पर भी हमला किए जाने का आरोप है. शिकायत के अनुसार, नाबालिग के सिर पर पाइप से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
इसी दौरान लाल टी-शर्ट पहने एक अज्ञात व्यक्ति ने वीरमभाई पर चाकू से पांच-छह वार किए. शिकायत के अनुसार, उनके सीने, जांघ और हाथ पर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
मृतक के भाई लालाभाई सरैया की शिकायत पर वांकानेर तालुका पुलिस ने नकुल घनश्यामभाई, विशाल वसाभाई चावड़ा, परेश नागदानभाई डांगर, लालो डांगर, मुकेश डांगर, मंडण डांगर, प्रभात डांगर, एभल धीरुभाई डांगर, निर्मल आहीर समेत 10 से अधिक लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
