गुजरात सरकार ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सांसद यूसुफ पठान को वडोदरा के तांदलजा इलाके में 978 वर्गमीटर का विवादित भूखंड आवंटित करने को मंजूरी दे दी है. यह जमीन उनके आवास से सटी हुई है और इसके आवंटन को लेकर वर्ष 2012 से विवाद चल रहा है.
राज्य सरकार के फैसले के बाद प्रस्ताव वडोदरा नगर निगम की स्थायी समिति और फिर सामान्य बोर्ड के सामने रखा जाएगा. इन मंजूरियों के बाद ही जमीन का औपचारिक कब्जा सौंपे जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
सरकारी निर्णय के तहत 500 वर्गमीटर हिस्सा आवासीय उपयोग के लिए निशुल्क और बाकी 478 वर्गमीटर हिस्सा तय बाजार मूल्य के 55 प्रतिशत पर दिए जाने की जानकारी सामने आई है. भूखंड की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 20.5 करोड़ रुपये बताई गई है.
यूसुफ पठान ने 2012 में अपने घर के पास स्थित इस नगर निगम भूखंड को 99 साल की लीज पर देने का अनुरोध किया था. वर्ष 2024 में नगर निगम ने कथित अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया था. गुजरात हाईकोर्ट में भी मामला पहुंचा, जहां अदालत ने आवंटन प्रक्रिया और जमीन पर कब्जे को लेकर सवाल उठाए थे.
अब राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए लागू नीति के तहत आवंटन को मंजूरी दी है, लेकिन नगर निगम की औपचारिक स्वीकृतियां अभी बाकी हैं.
