गुजरात सरकार ने वडोदरा के तंडलजा इलाके में पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान से जुड़े विवादित नगर निगम भूखंड के नए आवंटन प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह भूखंड कुल 978 वर्गमीटर का है और पठान के आवास के पास स्थित है.
नए प्रस्ताव के अनुसार, 500 वर्गमीटर जमीन आवासीय उपयोग के लिए आवंटित किए जाने की योजना है, जबकि शेष 478 वर्गमीटर का हस्तांतरण निर्धारित मूल्यांकन के 55 प्रतिशत पर किया जाएगा. वडोदरा नगर निगम के अधिकारियों ने राज्य सरकार की मंजूरी मिलने की पुष्टि की है.
इस भूखंड के आवंटन का प्रस्ताव पहली बार 2012 में सामने आया था. नगर निगम ने इसे 99 वर्ष की लीज पर बिना सार्वजनिक नीलामी देने की प्रक्रिया शुरू की थी. जमीन का मूल्यांकन 57,270 रुपये प्रति वर्गमीटर किया गया था.
हालांकि, गुजरात सरकार के शहरी विकास विभाग ने जून 2014 में सार्वजनिक नीलामी के बिना सीधे आवंटन के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था. इसके बाद नगर निगम ने पठान पर जमीन पर कब्जे और चारदीवारी बनाने का आरोप लगाया. 2024 में निगम ने कथित अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया. गुजरात हाई कोर्ट ने 2025 में कहा था कि अंतिम आवंटन और भुगतान के बिना जमीन पर कानूनी अधिकार नहीं बनता.
