अमेरिका के 2026 मध्यावधि चुनाव में मिशिगन से डेमोक्रेट उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया. 42 वर्षीय डॉक्टर और पूर्व सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी ने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराया. इस जीत के साथ अल-सैयद अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बन गए हैं.
यह मुकाबला लंबे समय से अमेरिकी राजनीति की सबसे चर्चित सीनेट रेस में शामिल था. चुनाव अभियान के दौरान अल-सैयद को उनकी मुस्लिम पहचान, नीतिगत रुख और पृष्ठभूमि को लेकर रिपब्लिकन नेताओं और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से तीखे हमलों का सामना करना पड़ा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने अभियान के दौरान उन्हें ‘जिहादी’ तक कहा था.
अल-सैयद ने जीत के बाद कहा कि मिशिगन के मतदाताओं ने नफरत और कटुता पर आधारित अभियान को खारिज किया है. उनकी जीत को डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रगतिशील धड़े के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. मिशिगन सीट पर जीत ऐसे समय में मिली है, जब मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस में रिपब्लिकन बहुमत को चुनौती दी है.
