अमेरिकी सेना ने मध्य-पूर्व में एक चीनी जहाज पर कार्रवाई की तैयारी कर ली थी, लेकिन ऑपरेशन शुरू होने से ठीक पहले पता चला कि इसकी बुनियाद AI की मदद से तैयार की गई गलत खुफिया रिपोर्ट थी. CNN की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना इस साल वसंत में अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान हुई.
रिपोर्ट में दावा किया गया था कि जहाज परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़े उपकरण ले जा रहा है. इसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने जहाज पर चढ़कर उसकी जांच करने की तैयारी शुरू की. सैनिकों को रवाना किया गया और सैन्य विमान भी हवा में थे.
बाद में वरिष्ठ अधिकारियों ने रिपोर्ट में इस्तेमाल की गई मूल जानकारी की दोबारा जांच की. तब सामने आया कि एक खुफिया विश्लेषक ने चैटबॉट की मदद ली थी और AI ने जहाज में मौजूद माल की गलत पहचान कर दी थी. CNN के अनुसार, रिपोर्ट को एक अधिकारी ने “पूरी तरह गलत” बताया और कहा कि इससे युद्ध जैसी स्थिति बन सकती थी.
इस घटना ने सैन्य और खुफिया तंत्र में AI के इस्तेमाल की निगरानी पर सवाल उठाए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सरकारी विभागों में इस्तेमाल हो रहे AI सिस्टम के लिए एक समान सत्यापन मानक मौजूद नहीं है.
