एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए कुछ उड़ानों का निलंबन आगे बढ़ा दिया है. एयरलाइनों के अनुसार, रियाद और दम्माम आने-जाने वाली उड़ानें 7 नवंबर 2026 तक रोकी गई हैं, जबकि जेद्दा की सेवाएं 31 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी. यह फैसला मध्य पूर्व में बढ़े तनाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच लिया गया है.

किन यात्रियों को रीबुकिंग की सुविधा

एयर इंडिया ने कहा है कि 24 अक्टूबर 2026 या उससे पहले कन्फर्म बुकिंग कराने वाले पात्र यात्री मुफ्त रीबुकिंग का विकल्प चुन सकते हैं. टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड देने की बात भी कही गई है. रीबुकिंग और रिफंड के लिए एयरलाइन के कॉन्टैक्ट सेंटर और शहर स्थित बुकिंग कार्यालयों से सहायता ली जा सकती है.

एयर इंडिया एक्सप्रेस के मुताबिक, रियाद और दम्माम सेक्टर पर 24 अक्टूबर या उससे पहले बुकिंग कराने वाले और 7 नवंबर तक की मूल यात्रा वाले यात्रियों को एक बार मुफ्त रीबुकिंग की सुविधा मिलेगी. यह सुविधा सऊदी अरब या बहरीन तथा भारत में एयरलाइन के चालू स्टेशनों के बीच उपलब्ध होगी.

जेद्दा के यात्रियों के लिए, 24 अक्टूबर या उससे पहले की गई बुकिंग और 31 अक्टूबर तक की मूल यात्रा होने पर 14 नवंबर तक की यात्रा के लिए मुफ्त रीबुकिंग का विकल्प दिया गया है.

हेल्पलाइन नंबर

एयर इंडिया के यात्री +91 11 69329333 और +91 11 69329999 पर संपर्क कर सकते हैं. एयर इंडिया एक्सप्रेस के लिए हेल्पलाइन नंबर +91 124 6935600 है.

इससे पहले अकासा एयर ने जेद्दा की उड़ानों का निलंबन 10 नवंबर और रियाद की उड़ानों का निलंबन 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाने की घोषणा की थी.