एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के रियाध और दम्माम के लिए उड़ानों का निलंबन 7 नवंबर 2026 तक बढ़ा दिया है. जेद्दाह से आने-जाने वाली सेवाएं 31 अक्टूबर तक स्थगित रहेंगी. यह फैसला मध्य-पूर्व में बढ़े तनाव और सुरक्षा चिंताओं के बीच लिया गया है.

एयर इंडिया के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 या उससे पहले कन्फर्म बुकिंग कराने वाले पात्र यात्रियों को मुफ्त रीबुकिंग का विकल्प मिलेगा. टिकट रद्द कराने पर पूरी राशि वापस की जाएगी. रीबुकिंग और रिफंड के अनुरोधों में एयरलाइन की कॉन्टैक्ट सेंटर और शहर स्थित बुकिंग ऑफिस की टीमें मदद करेंगी.

एयर इंडिया एक्सप्रेस की रीबुकिंग शर्तें

एयर इंडिया एक्सप्रेस के मुताबिक, रियाध और दम्माम के लिए 24 अक्टूबर या उससे पहले बुकिंग कराने वाले यात्री, जिनकी मूल यात्रा 7 नवंबर तक थी, सऊदी अरब या बहरीन और भारत में एयरलाइन के किसी भी परिचालन वाले स्टेशन के बीच एक बार मुफ्त रीबुकिंग करा सकेंगे.

जेद्दाह के यात्रियों के लिए यह सुविधा अलग समयसीमा के साथ लागू होगी. 24 अक्टूबर या उससे पहले बुकिंग कराने वाले और 31 अक्टूबर तक यात्रा करने वाले यात्री 14 नवंबर तक की यात्रा के लिए मुफ्त रीबुकिंग करा सकेंगे. इस विकल्प में सऊदी अरब या बहरीन तथा भारत के परिचालन वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस स्टेशनों को शामिल किया गया है.

एयर इंडिया के यात्री +91 11 69329333 और +91 11 69329999 पर संपर्क कर सकते हैं. एयर इंडिया एक्सप्रेस के लिए हेल्पलाइन नंबर +91 124 6935600 है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Akasa Air ने जेद्दाह की उड़ानों का निलंबन 10 नवंबर और रियाध की उड़ानों का निलंबन 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाया है. IndiGo ने भी उड़ानों पर रोक बढ़ाई है. एयरलाइनों ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा और क्षेत्र में ड्रोन-मिसाइल हमलों की आशंकाओं को निर्णय का आधार बताया है.