अल्बानिया की राजधानी तिराना में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने रविवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर रखी कुर्सियों में आग लगा दी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री एडी रामा ने छात्रों से बातचीत की अपील के लिए ये कुर्सियां रखवाई थीं. कुर्सियों पर ‘डायलॉग’ यानी बातचीत लिखा था, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने संवाद से इनकार कर दिया.

छात्र कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं. वे पहले शिक्षा मंत्रालय के बाहर जुटे, जहां इमारत पर पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई. इसके बाद प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर बढ़े. रिपोर्ट्स में पहले सरकारी इमारतों और कुछ बैंक शाखाओं में आगजनी का भी उल्लेख किया गया है.

छात्रों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शनकारी सरकार और वरिष्ठ अधिकारियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच चाहते हैं. उनकी अन्य मांगों में कॉलेज फीस कम करना, पढ़ाई के बाद रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और बढ़ते किराये तथा महंगे मकानों से राहत शामिल है.

दक्षिणी तट पर प्रस्तावित एक लग्जरी रिसॉर्ट भी विरोध का कारण बताया जा रहा है. इस परियोजना से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर के जुड़े होने की बात रिपोर्ट्स में कही गई है. रामा 2013 से प्रधानमंत्री हैं और पिछले साल मई में चौथी बार इस पद पर चुने गए थे.

हिंसा पर मुआवजे और जुर्माने का प्रस्ताव

रामा ने सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए नए कानूनी कदमों की घोषणा की है. प्रस्ताव के अनुसार, हिंसा में नुकसान उठाने वाले छोटे कारोबारियों को पूरा और बड़े कारोबारियों को 70 प्रतिशत तक मुआवजा दिया जा सकता है. नुकसान की भरपाई जिम्मेदार लोगों से कराने की बात कही गई है.

भीड़ में हिंसा के दौरान मौजूद रहने वाले व्यक्ति पर पांच लाख लेक तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. नाबालिगों के मामले में उनके माता-पिता जिम्मेदार होंगे. पत्रकारों, डॉक्टरों, ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों और वहां से गुजरने वाले लोगों को प्रस्तावित प्रावधानों से छूट देने की बात कही गई है.