अमेरिका में कारोबारी सप्लाई चेन और ऊर्जा से जुड़ी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कई कारोबारी मौजूदा परिस्थितियों को कोविड महामारी के दौर से भी अधिक अनिश्चित और जटिल बता रहे हैं.

कॉफी कारोबार से जुड़े जेफ वोज्टा के मुताबिक, शिपिंग में रुकावट, कंटेनरों की कमी, लाल सागर क्षेत्र की घटनाओं से बढ़ी लागत और खाद की महंगी कीमतों ने कारोबार पर दबाव बढ़ाया है. उनका कहना है कि कंपनियों के लिए भविष्य की योजना बनाना बेहद कठिन हो गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में ब्राजील की खराब कॉफी फसल, उसके बाद अमेरिकी टैरिफ नीतियों और इस साल शुरू हुए ईरान युद्ध ने कीमतों और आपूर्ति पर अतिरिक्त दबाव डाला. यूक्रेन-रूस संघर्ष, ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी और मौसम संबंधी घटनाओं ने भी शिपिंग को प्रभावित किया है.

यूनिवर्सिटी ऑफ डेनवर के सप्लाई चेन प्रोग्राम के निदेशक जैक बफिंगटन ने कहा कि यह कोविड से बड़ी समस्या है और इसकी प्रकृति ऊर्जा संकट से जुड़ी है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कंपनियां सीमित नकदी और महंगी ढुलाई के कारण पर्याप्त स्टॉक नहीं रख पा रही हैं.