अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के दौरान आए शक्तिशाली तूफान ने हवाई यातायात और बिजली आपूर्ति को बुरी तरह प्रभावित किया है. शुक्रवार तड़के तक 417 उड़ानें रद्द की जा चुकी थीं, जबकि करीब 1,800 उड़ानों में देरी दर्ज की गई. वाशिंगटन और न्यूयॉर्क के एयरपोर्ट्स पर इसका सबसे अधिक असर बताया गया है.

तूफान के कारण 8 लाख से अधिक घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई. कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जबकि तटीय क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी. अलग-अलग राज्यों में हवाओं की गति 70 मील प्रति घंटे यानी करीब 112 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची.

राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, वर्जीनिया, मैरीलैंड, डेलावेयर, न्यूजर्सी, न्यूयॉर्क और न्यू इंग्लैंड के कुछ हिस्सों में 50 से 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. बिजली कंपनियों और राज्य प्रशासन ने तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण पेड़ गिरने तथा बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने की चेतावनी पहले ही दी थी.

खराब मौसम के चलते न्यूयॉर्क सिटी की मेसीज थैंक्सगिविंग डे परेड का 100वां आयोजन भी स्थगित करना पड़ा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गंभीर मौसम के कारण इस वार्षिक परेड की तारीख पहली बार बदली गई है.