आंध्र प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने स्थानीय निकाय चुनावों का कार्यक्रम जारी कर दिया है. राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल चंद्र पुनेठा के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया 14 अक्टूबर से शुरू होकर 2 दिसंबर 2026 तक चलेगी. कार्यक्रम में शहरी निकायों, MPTC-ZPTC और ग्राम पंचायतों के चुनाव शामिल हैं.

पहले चरण में 100 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान 28 अक्टूबर को होगा. इनमें 13 नगर निगम, 77 नगरपालिकाएं और 10 नगर पंचायतें शामिल हैं. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 18 अक्टूबर है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 19 अक्टूबर को होगी. उम्मीदवार 21 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे. मतगणना और नतीजों की घोषणा 30 अक्टूबर को की जाएगी.

MPTC और ZPTC चुनावों के लिए मतदान 3 नवंबर को होगा और परिणाम 5 नवंबर को घोषित किए जाएंगे. ग्राम पंचायत चुनाव तीन चरणों में 26 नवंबर, 29 नवंबर और 2 दिसंबर को होंगे. इन चुनावों की मतगणना संबंधित मतदान दिवस पर ही की जाएगी.

कार्यक्रम की घोषणा के साथ राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है.