खगोलविदों ने एंड्रोमेडा आकाशगंगा में एक दुर्लभ तारकीय घटना को करीब से दर्ज किया है. करीब सात सूर्य-द्रव्यमान वाले एक विशाल तारे ने लगभग एक दशक तक अपने से बहुत छोटे साथी तारे को धीरे-धीरे निगला. यह प्रक्रिया 2025 के अंत में हुए विस्फोट के साथ समाप्त हुई.
Columbia University के खगोलभौतिकीविद् विराज करम्बेलकर के नेतृत्व वाली टीम ने इस घटना का अध्ययन किया. शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह ‘कॉमन एनवेलप इवोल्यूशन’ नाम की प्रक्रिया का पहला प्रत्यक्ष अवलोकन है. इस अवधारणा का प्रस्ताव 1970 के दशक में उन बेहद करीबी तारकीय जोड़ियों की व्याख्या के लिए दिया गया था, जिनका निर्माण शुरू से इतनी कम दूरी पर नहीं हो सकता था.
कैसे होती है यह प्रक्रिया
जब किसी द्वितारा प्रणाली का एक तारा उम्र बढ़ने के साथ फैलकर विशालकाय बनता है, तो उसकी बाहरी गैसीय परतें साथी तारे को घेर सकती हैं. इसके बाद दोनों तारे गैस के एक साझा, ढीले आवरण के भीतर आ जाते हैं.
आवरण के भीतर घूमता साथी तारा घर्षण के कारण अपनी कक्षीय ऊर्जा खोता है और धीरे-धीरे विशाल तारे की ओर सर्पिल गति से बढ़ता है. आवरण का कितना हिस्सा बाहर निकलता है, इस पर निर्भर करता है कि अंत में दोनों तारों की बेहद करीबी कक्षा बनती है या उनका विलय हो जाता है. करम्बेलकर ने कहा कि यह प्रक्रिया कुछ वर्षों से कुछ दशकों तक चल सकती है, जो तारों के लाखों वर्षों के विकास-काल की तुलना में बेहद छोटा अंतराल है.
