कनाडाई लेखिका ऐन कार्सन को 2026 का साहित्य नोबेल पुरस्कार दिया गया है. स्वीडिश अकादमी ने उनके साहित्य को साहसिक और मौलिक बताते हुए कहा कि उन्होंने शास्त्रीय परंपरा के साथ संवाद करते हुए समकालीन साहित्य के लिए नए रूप गढ़े हैं.

कार्सन के साहित्य में शोक, स्मृति, प्राचीन यूनानी साहित्य और मिथकों की प्रमुख भूमिका रही है. उनके भारत से जुड़ाव का संदर्भ 2010 में प्रकाशित संस्मरण ‘Nox’ से सामने आता है. यह पुस्तक उनके बड़े भाई माइकल कार्सन की स्मृति में लिखी गई एक लंबी शोक-कृति है.

माइकल 1979 में कनाडा से निकलने के बाद कई वर्षों तक भारत और यूरोप में घूमते रहे. उपलब्ध विवरणों के अनुसार, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए देश से गए थे और बाद में फर्जी पासपोर्ट पर अलग-अलग जगहों पर रहे. उनकी मृत्यु वर्ष 2000 में कोपेनहेगन में हुई.

‘Nox’ का अनोखा रूप

‘Nox’ में तस्वीरों, कविताओं, चित्रों, पत्रों, डेनमार्क के डाक टिकटों और कश्मीर की होटल स्टेशनरी जैसी वस्तुओं को शामिल किया गया है. पुस्तक का ढांचा रोमन कवि कैटुलस की अपने भाई पर लिखी शोक-कविता से प्रेरित है. इसे पारंपरिक पन्नों वाली किताब के बजाय बॉक्स में रखी अकॉर्डियन-फोल्ड शीट के रूप में प्रकाशित किया गया था.

कार्सन का जन्म 21 जून 1950 को टोरंटो में हुआ. उनकी प्रमुख कृतियों में ‘Autobiography of Red’, ‘Eros the Bittersweet’ और ‘Float’ शामिल हैं.