अंटार्कटिका के आसपास दक्षिणी महासागर में समुद्री पानी के खारेपन में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वैज्ञानिकों के अनुसार, यह बदलाव समुद्री परिसंचरण की उस व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर ध्रुवीय क्षेत्र से काफी दूर तक पहुंचता है.
एक शोधपत्र में शोधकर्ताओं ने बताया कि अंटार्कटिका को घेरने वाली विशाल जल-परत में लवणता बढ़ी है. यह परत समुद्र की सतह से करीब 700 से 1,220 मीटर नीचे स्थित है. यहां पानी के खारेपन में बढ़ोतरी ने कई दशकों से चले आ रहे पानी के धीरे-धीरे कम खारा होने के रुझान को पलट दिया है.
शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह बदलाव कुछ ही वर्षों में हुआ, जबकि इस तरह के बड़े समुद्री परिवर्तन आम तौर पर हजारों वर्षों में होने वाले वैश्विक जलवायु बदलावों से जुड़े रहे हैं. यह बदलाव 2016 के बाद अंटार्कटिक समुद्री बर्फ में आई तेज गिरावट के दौर में सामने आया है.
यह जल-परत ‘अंटार्कटिक इंटरमीडिएट वॉटर’ के नाम से जानी जाती है. यह हिंद, प्रशांत और अटलांटिक महासागरों की ओर उत्तर दिशा में फैलती है और उष्मा, कार्बन, ऑक्सीजन तथा पोषक तत्वों को उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों तक पहुंचाती है. शोधकर्ताओं का कहना है कि इसके गुणों में बदलाव का प्रभाव भूमध्य रेखा के पार तक महसूस हो सकता है, हालांकि इसके व्यापक परिणामों का आकलन अभी जारी है.
