इटली के उग्र वामपंथी संगठन रेड ब्रिगेड्स के पूर्व सदस्य लियोनार्डो बर्टालात्सी अर्जेंटीना में नजरबंदी से फरार हो गए हैं. अर्जेंटीना के सुरक्षा मंत्रालय ने बुधवार को इसकी पुष्टि की. 74 वर्षीय बर्टालात्सी इटली प्रत्यर्पण का इंतजार कर रहे थे.

ब्यूनस आयर्स में बर्टालात्सी को 2024 में घर में नजरबंद किया गया था. इटली में उन्हें 1987 में विध्वंसक संगठन में शामिल होने और सशस्त्र समूह का सदस्य होने के मामलों में 27 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी. अर्जेंटीना ने जुलाई 2025 में उनका प्रत्यर्पण मंजूर किया था, जब देश की सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अंतिम अपील खारिज कर दी थी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बर्टालात्सी ने अपने इलेक्ट्रॉनिक एंकल मॉनिटर को एक मांस से भरी ट्यूब में छिपाकर निगरानी प्रणाली को चकमा देने की कोशिश की. इसके बाद वह पांचवीं मंजिल की बालकनी से हार्नेस और रस्सी की मदद से नीचे उतरे. सुरक्षा फुटेज में उन्हें सड़क पर उतरने के बाद कुछ देर बैठते हुए देखा गया.

पुलिस को तब संदेह हुआ, जब उनके एंकल मॉनिटर से गतिविधि संबंधी डेटा आना बंद हो गया. अधिकारी उनके घर पहुंचे, लेकिन वहां मॉनिटर मिला और बर्टालात्सी गायब थे.

अर्जेंटीना के सुरक्षा मंत्रालय ने उनकी दोबारा गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 13,000 डॉलर के इनाम की घोषणा की है.

बर्टालात्सी रेड ब्रिगेड्स में वरिष्ठ पद पर रहे थे. यह संगठन 1969 से 1980 के बीच इटली में कई हमलों के लिए जिम्मेदार था. 1978 में पूर्व प्रधानमंत्री एल्डो मोरो के अपहरण और हत्या के लिए भी यही संगठन कुख्यात रहा.

बर्टालात्सी को अर्जेंटीना में पहली बार 2002 में गिरफ्तार किया गया था. कुछ महीनों बाद उन्हें रिहा कर दिया गया और 2004 में शरणार्थी का दर्जा मिला. यह दर्जा रद्द होने के बाद 2024 में उन्हें फिर गिरफ्तार किया गया था.