ऑस्ट्रेलिया में लैंगिक वेतन अंतर 2025-26 में पहली बार 20% से नीचे आ गया. Workplace Gender Equality Agency (WGEA) की रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं ने पुरुषों द्वारा कमाए गए प्रत्येक 1 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के मुकाबले औसतन 80 सेंट कमाए. कुल वेतन अंतर 19.7% दर्ज किया गया.

रिपोर्ट में संघीय सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के नियोक्ताओं को पहली बार शामिल किया गया. सर्वेक्षण का दायरा बढ़कर 9,096 नियोक्ताओं और 60 लाख से अधिक कर्मचारियों तक पहुंच गया. एक दशक पहले, 2015-16 में यह अंतर 26.3% था.

निजी क्षेत्र में भी सुधार दर्ज किया गया. वहां वेतन अंतर पिछले साल के 21.1% से घटकर 20.3% रह गया. महिलाओं की पूर्णकालिक प्रबंधन और नेतृत्व पदों में बढ़ती हिस्सेदारी तथा खुदरा, वृद्ध देखभाल और बाल देखभाल जैसे महिलाओं की अधिक भागीदारी वाले क्षेत्रों में अपेक्षाकृत बड़ी वेतन वृद्धि को इसके प्रमुख कारणों में गिना गया.

शीर्ष पदों पर असमानता बरकरार

WGEA के अनुसार, सुधार के बावजूद वेतन वितरण में 2024-25 की तुलना में खास बदलाव नहीं आया. महिलाओं की हिस्सेदारी ऑस्ट्रेलियाई कार्यबल में करीब आधी है, लेकिन सबसे अधिक वेतन वाले पदों पर पुरुषों का प्रतिनिधित्व अब भी अधिक है. हर प्रबंधन स्तर पर पुरुषों की संख्या ज्यादा रही. मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के स्तर पर चार में से तीन पद पुरुषों के पास थे और वहां लैंगिक वेतन अंतर 27.6% रहा.

निजी क्षेत्र के सबसे अधिक वेतन वाले शीर्ष 25% पदों में महिलाओं की हिस्सेदारी केवल 36% थी. संघीय सार्वजनिक क्षेत्र में यह आंकड़ा 46% और वेतन अंतर 7.8% रहा. औसतन एक महिला की सालाना कुल कमाई पुरुष से 27,467 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर कम रही. इस गणना में वेतन के साथ बोनस, ओवरटाइम, पेंशन अंशदान और अतिरिक्त ड्यूटी भत्ते भी शामिल किए गए.

रिपोर्ट के मुताबिक, केवल 7% प्रबंधकीय पद अंशकालिक हैं, जबकि 29% महिलाएं और 12% पुरुष अंशकालिक काम करते हैं. एजेंसी ने कार्यस्थलों से ऐसी भूमिकाएं तैयार करने की अपील की है, जिनमें अंशकालिक काम की सुविधा हो.

वित्तीय सेवा क्षेत्र में वेतन अंतर सबसे अधिक 26.7% रहा. इसके विपरीत, वित्तीय संस्था Rest में यह अंतर 2022 के 20.1% से घटकर 9.4% हो गया. संस्था ने सभी स्थायी कर्मचारियों के लिए सवैतनिक parental leave और हर स्तर पर कम से कम 40% महिला तथा 40% पुरुष प्रतिनिधित्व का लक्ष्य तय किया था.