ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में छह दिन से लापता 17 वर्षीय किशोर विलियम जीवित मिल गया है. पुलिस ने उसे गुरुवार सुबह घने जंगल वाले इलाके में खोजा और परिवार से दोबारा मिलाया. बाद में स्वास्थ्य निगरानी के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया.
विलियम 6 नवंबर को मेलबर्न से करीब 185 किलोमीटर पूर्व स्थित वालहाला ईस्ट के पास कैंपिंग के दौरान लापता हुआ था. वह कैंप से कुछ दूरी पर अतिरिक्त सामान लेने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा. पुलिस के मुताबिक, उस समय उसने केवल शॉर्ट्स और वर्क बूट्स पहन रखे थे, जबकि उसका मोबाइल फोन, भोजन और पानी कैंप में ही रह गया था.
उसकी तलाश में पुलिस हेलीकॉप्टर, डॉग स्क्वॉड, गोताखोर, विशेषज्ञ खोज एवं बचाव दल और स्वयंसेवकों को लगाया गया था. अधिकारियों को इलाके में रात के बेहद कम तापमान को लेकर उसकी सुरक्षा की चिंता थी.
पुलिस हेलीकॉप्टर के दल ने विलियम को जंगल के बीच एक सूखी नदी की तलहटी में पाया. अधिकारियों के अनुसार, वह अच्छे मूड में था और उसकी सेहत ज्यादातर ठीक थी. उसकी मां ने राहत जताते हुए मजाक में कहा कि अब वह जीवनभर घर से बाहर नहीं जा सकेगा.
