ऑस्ट्रेलिया की वन नेशन पार्टी की नेता और सीनेटर पॉलिन हैनसन की आदिवासी ऑस्ट्रेलियाई लोगों पर की गई पुरानी टिप्पणी सामने आने के बाद देश की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है. संघीय संसद के अलग-अलग दलों के नेताओं ने उनके बयान को अपमानजनक, नुकसानदेह और अज्ञानता से भरा बताया है.
सितंबर 2025 में एक पॉडकास्ट में हैनसन ने बच्चों को ऑस्ट्रेलिया के Aboriginal और Torres Strait Islander इतिहास के बारे में पढ़ाए जाने पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने आदिवासी ऑस्ट्रेलियाई लोगों को “दुनिया की सबसे आदिम नस्ल” बताया और कहा था कि उन्होंने “कुछ हासिल नहीं किया.”
ऑस्ट्रेलिया की स्वदेशी मामलों की मंत्री Malarndirri McCarthy ने बयान को “पूरी तरह अपमानजनक” बताया. उन्होंने हैनसन से क्वींसलैंड की उन Aboriginal और Torres Strait Islander जनता से माफी मांगने को कहा, जिनका प्रतिनिधित्व वह सीनेटर के रूप में करती हैं.
McCarthy ने ऑस्ट्रेलिया की First Nations संस्कृतियों की विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि Great Barrier Reef और Cape York जैसे क्षेत्रों में सांस्कृतिक महत्व से जुड़ी समृद्ध परंपराएं मौजूद हैं. उनके मुताबिक, देश का बाकी हिस्सा भी First Nations संस्कृति से गहराई से जुड़ा है.
विपक्ष की स्वदेशी मामलों की प्रवक्ता Jacinta Nampijinpa Price ने कहा कि वह हैनसन की टिप्पणी से निराश हैं. उन्होंने कहा कि हैनसन ने कुछ गंभीर सार्वजनिक बहसों को “बेहद खराब दिशा” में धकेल दिया है और उनका बयान ऑस्ट्रेलिया के First Peoples को समझने में “जानबूझकर अज्ञानता” दिखाता है.
स्वतंत्र सीनेटर Lidia Thorpe ने सरकार से नस्लवाद के खिलाफ राष्ट्रीय ढांचे को लागू करने समेत ठोस कदम उठाने की मांग की. उन्होंने कहा कि First Peoples ने हजारों पीढ़ियों से इस महाद्वीप की देखभाल की है और कानून, ज्ञान, कृषि, भूमि प्रबंधन, विज्ञान, कला तथा जीवंत संस्कृतियों की समृद्ध परंपराएं विकसित की हैं.
Thorpe ने आरोप लगाया कि हैनसन के बयान समाज में विभाजन बढ़ाते हैं. जवाब में हैनसन ने सोशल मीडिया पर कहा कि मीडिया एक साल पुराने पॉडकास्ट बयान को लेकर फिर “हंगामा” कर रहा है और लोगों को खुद उसे सुनकर निर्णय करना चाहिए.
