ऑस्ट्रेलिया की स्वतंत्र सांसद हेलेन हेन्स सोमवार, 19 अक्टूबर को विक्टोरिया राज्य के वंगारट्टा में अपने निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय के बाहर कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं. पुलिस के अनुसार घटना करीब दोपहर 3:30 बजे मर्फी स्ट्रीट पर हुई.

हेन्स को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में आपात सर्जरी के लिए मेलबर्न भेजा गया. उनकी हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें शरीर के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं.

पुलिस ने 43 वर्षीय टैराविंगी निवासी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. अधिकारियों के मुताबिक उसे घटनास्थल के पास एक व्यक्ति ने रोककर पकड़ा था. वाहन के अंदर से चाकू भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है.

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि यह दुर्घटना नहीं थी और प्रथमदृष्टया यह जानबूझकर किया गया हमला लगता है. हालांकि, हमले के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं है. ऑस्ट्रेलिया की संयुक्त आतंकवाद-रोधी टीम को जांच में शामिल किया गया है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना लक्षित थी या नहीं.